TNR न्यूज़, रायपुर। राजधानी रायपुर में पिछले कुछ दिनों से प्रेम प्रसंग के विवाद हिंसक घटनाओं में तब्दील हो रहे हैं। कहीं गर्लफ्रेंड को लेकर झगड़ा हुआ, तो कहीं इस विवाद में गोलियां और चाकू चले। ताजा घटनाओं में तेलीबांधा और मोवा इलाके में दो अलग-अलग मामलों में ऐसी वारदातें हुईं, जिसने राजधानी के लोगों को दहशत में डाल दिया है।

मोवा में चाकूबाजी, प्रेम प्रसंग बना वजह

शुक्रवार की रात रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित मोवा अमन नगर में चाकूबाजी की वारदात हुई। जांच में सामने आया कि एक युवती से दो युवक प्रेम संबंध में थे, जिसके कारण दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। बहस इतनी बढ़ी कि एक युवक ने चाकू से दूसरे पर हमला कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी पवन बघेल मौके से फरार हो गया। पंडरी थाना पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

तेलीबांधा में चली गोलियां, पिता-पुत्र ने की फायरिंग

इससे पहले शुक्रवार रात राजधानी के तेलीबांधा इलाके में भी गर्लफ्रेंड के चक्कर में फायरिंग की घटना हुई। यहां दो युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पिता और पुत्र ने मिलकर एक युवक पर गोलियां चला दीं।

मामला 5 मार्च को शुरू हुआ, जब कर्णवीर और जसपाल नाम के दो युवकों के बीच गर्लफ्रेंड को लेकर बहस हुई। विवाद बढ़ने पर तय हुआ कि 6 मार्च की शाम 7 बजे दोनों पक्ष तेलीबांधा चौक के पास ‘कार सॉल्यूशन’ नाम के सेकेंड हैंड कार शोरूम में मिलेंगे।

जब कर्णवीर का भाई प्रभजोत सिंह अपने रिश्तेदार मदनजीत के साथ वहां पहुंचा, तो जसपाल पहले से अपने पिता जरनैल सिंह रंधावा उर्फ लाली, चाचा हरप्रीत सिंह और अन्य साथियों के साथ मौजूद था। बातचीत के दौरान एक दिन पहले हुई बहस फिर से गरमा गई और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी।

बेटे की लड़ाई में पिता ने तानी पिस्टल, फिर चली बंदूक से गोलियां

झगड़ा इतना बढ़ गया कि जसपाल के पिता जरनैल सिंह ने पिस्टल निकालकर प्रभजोत पर तान दी। इसके बाद जसपाल ने 12 बोर की बंदूक से दो बार फायरिंग कर दी। गोलीबारी की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में जुटी, राजधानी में बढ़ रही हिंसक घटनाएं

राजधानी रायपुर में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रेम प्रसंग के मामलों में हो रही हिंसा चिंता का विषय बन गई है। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

क्या प्यार के नाम पर हिंसा का यह ट्रेंड राजधानी में आम हो रहा है?

पिछले कुछ महीनों में प्रेम संबंधों को लेकर विवाद बढ़े हैं, जिनमें अब हथियारों का इस्तेमाल भी देखा जा रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

 

Similar Posts