TNR न्यूज़, बलौदाबाजार। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के खिलाफ आज प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बलौदाबाजार में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गार्डन चौक में एकत्र होकर भाजपा और ईडी का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

भाजपा पर बदले की राजनीति का आरोप

कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस नेताओं को ईडी और अन्य एजेंसियों के माध्यम से डराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, “हम डरने वाले नहीं हैं, भाजपा चाहे जितने भी हथकंडे अपना ले, कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई जारी रखेगी।”

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बस्तर में लोहे के कारखाने स्थापित करने की योजना बना रही है, जिसका कांग्रेस ने विरोध किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता कवासी लखमा, दीपक बैज और अन्य नेताओं ने इस परियोजना का विरोध किया, जिसके बाद ईडी की कार्रवाई तेज कर दी गई। परिणामस्वरूप कवासी लखमा को जेल भेज दिया गया, जबकि दीपक बैज के घर पर पुलिस की रेकी कराई जा रही है। कांग्रेस ने इसे बस्तर की आवाज दबाने का प्रयास बताया है।

बस्तरवासियों के अधिकारों के लिए लड़ती रहेगी कांग्रेस

शैलेष नितिन त्रिवेदी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी भी हाल में बस्तरवासियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जब भी कांग्रेस के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन और जनता के अधिकारों की आवाज उठाने से घबराती है, तो ईडी जैसी एजेंसियों का सहारा लेती है।

रायपुर में तीन मार्च को होगा विशाल प्रदर्शन

जिला कांग्रेस अध्यक्ष हितेन्द्र ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने ऐलान किया कि तीन मार्च को रायपुर में एक विशाल प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।

इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रूपेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने साफ किया कि सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

 

Similar Posts