
TNR न्यूज़ – Durg Accident | दुर्ग शहर में शुक्रवार सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक तेज रफ्तार कार ने सफाई कर्मियों से भरी ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार महिला सफाई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, महापौर अलका बाघमार और पूर्व विधायक अरुण वोरा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो में कुल 8 महिला सफाई कर्मचारी सवार थीं। इसी दौरान CG 07 CV 1947 नंबर की कार रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आई और ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं कार के एयरबैग खुलने से चालक को चोट नहीं आई।
घटना में चार महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य को हल्की चोटें लगी हैं। फिलहाल सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।