TNR न्यूज़, रायपुर। नगर निगम के नए सभापति के रूप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ पार्षद सूर्यकांत राठौर को सर्वसम्मति से चुना गया है। एकात्म परिसर में हुई भाजपा पार्षद दल की बैठक में राठौर के नाम पर सहमति बनी, जिसके बाद सभी भाजपा पार्षद नगर निगम मुख्यालय की ओर रवाना हो गए, जहां औपचारिक रूप से चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

अपील समिति के लिए चार सदस्य निर्वाचित

सभापति के साथ-साथ अपील समिति के चार सदस्यों का भी चुनाव हुआ। निर्वाचित सदस्यों में विनय निर्मलकर, राजेश गुप्ता, महेंद्र औसर और स्वप्निल मिश्रा शामिल हैं। इन सभी सदस्यों का चयन भी निर्विरोध संपन्न हुआ।

भाजपा के पक्ष में स्पष्ट बहुमत

रायपुर नगर निगम चुनावों में भाजपा को इस बार पूर्ण बहुमत मिला है। नगर निगम में भाजपा के 60, कांग्रेस के 7 और 3 निर्दलीय पार्षद चुने गए थे। हाल ही में एक निर्दलीय पार्षद ने भाजपा का समर्थन कर दिया, जिससे अब भाजपा के पार्षदों की संख्या 61 हो गई है। ऐसे में अन्य निर्दलीय पार्षदों का झुकाव भी भाजपा की ओर देखा जा रहा है, जिससे सभापति के निर्विरोध चुने जाने की संभावना मजबूत हो गई है।

पर्यवेक्षक ने किया औपचारिक घोषणा

सभापति चुनाव के भाजपा पर्यवेक्षक धरमलाल कौशिक ने बताया कि पार्षद दल की बैठक में सर्वसम्मति से सूर्यकांत राठौर के नाम पर मुहर लगाई गई। इसके बाद रायपुर नगर निगम मुख्यालय में निर्वाचन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही अपील समिति के लिए नाम तय किए गए और आवश्यक नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।

एमआईसी और जोन समितियों के लिए बैठक जल्द

सभापति और अपील समिति के चुनाव के बाद अब महानगरपालिका की कार्यकारिणी (MIC) और जोन समितियों के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इसके लिए आगामी दिनों में बैठक आयोजित कर नाम तय किए जाएंगे।

रायपुर नगर निगम में भाजपा के स्पष्ट बहुमत के चलते पार्टी के निर्णय निर्विरोध और सुचारू रूप से लिए जा रहे हैं। राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए माना जा रहा है कि निगम के प्रमुख पदों पर भाजपा का नियंत्रण और मजबूत होगा।

 

Similar Posts