TNR न्यूज़, रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए हैं। इनमें एक पुरुष और एक महिला नक्सली शामिल हैं। जवानों ने दोनों के शव बरामद कर लिए हैं, हालांकि उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

CM विष्णुदेव साय बोले – नक्सलवाद का अंत निकट

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सफलता पर सुरक्षाबलों की सराहना की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुसार मार्च 2026 तक प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त करने का अभियान तेजी से सफल हो रहा है। उन्होंने कहा, “सुरक्षाबलों के अदम्य साहस और सतत अभियान के चलते नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है।”

2025 में अब तक 83 नक्सली मारे गए

मुठभेड़ की यह ताजा घटना नक्सल विरोधी अभियानों में एक और महत्वपूर्ण सफलता जोड़ती है। 2025 में अब तक कुल 83 नक्सली मारे जा चुके हैं। सुरक्षाबलों की कार्रवाई लगातार जारी है, जिससे नक्सली संगठनों पर बड़ा दबाव बन रहा है।

500 जवानों ने नक्सलियों को घेरा, मुठभेड़ जारी

सूत्रों के मुताबिक, शनिवार सुबह से ही किस्टाराम इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बड़े लीडर्स के बीच मुठभेड़ जारी है। ऑपरेशन में कोबरा बटालियन, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और जिला बल के करीब 500 जवान नक्सलियों को चारों ओर से घेर चुके हैं। रुक-रुककर फायरिंग हो रही है और जवान सतर्कता से आगे बढ़ रहे हैं।

नक्सलियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी

राज्य सरकार और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त अभियान के चलते नक्सली इलाकों में दबाव बढ़ा है। हाल ही में कई नक्सली समर्पण कर चुके हैं और कई बड़े नेताओं का खात्मा हुआ है। सुरक्षा बलों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस तरह की और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त किया जा सके।

स्थिति पर सुरक्षाबलों की नजर बनी हुई है और जल्द ही इस अभियान को लेकर और जानकारी सामने आ सकती है।

Cm विष्णु देव साय ने अपने पोस्ट पर लिखा 

सुकमा जिले में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 02 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।

बस्तर रेंज में सुरक्षाबलों की कार्रवाई से बीते 60 दिनों में 67 हार्डकोर नक्सली मारे गए हैं। यह हमारे सुरक्षाबलों के साहस और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मैं उनके अदम्य साहस को सलाम करता हूं।

छत्तीसगढ़ में जब से डबल इंजन की सरकार बनी है, नक्सलवाद के खात्मे की लड़ाई तेज हुई है। जिसका परिणाम है कि अब तक मात्र 13 महीने में ही 300 से अधिक नक्सली मारे गए हैं, 985 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है और 1177 नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं।

यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी का संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूरी तरह से अंत किया जाएगा। हम इस संकल्प को पूरा करने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

https://x.com/vishnudsai/status/1895826258539528465?t=36g8UriUo0RrGXCz_aHdhw&s=19

Similar Posts