TNR न्यूज – बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र में अपनी भाभी की हत्या कर फरार हुए आरोपी देवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चकरभाठा क्षेत्र के एक बांध के नीचे छिपा हुआ था, जहां से पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा।

घटना का विवरण:

7 मार्च 2025 को ग्राम खैरा डगनिया निवासी 14 वर्षीय विवेक बर्मन ने सीपत थाने में अपनी मां राजकुमारी बर्मन की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। विवेक जब स्कूल से लौटा तो घर का दरवाजा बंद था। अंदर जाने पर उसकी मां खाट पर सोई हुई मिली, ऊपर कथरी ढकी थी और कमरे की लाइट बंद थी। जब मौसी ने जगाने की कोशिश की, तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। लाइट जलाने पर देखा गया कि राजकुमारी बर्मन के गले में सफेद रंग का चेकदार गमछा बंधा हुआ था, जिसे खाट से लपेटकर उनकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी।

घटना के तुरंत बाद, विवेक की चचेरी बहन अंजली को उसके पिता संजय बृजवासी ने फोन कर बताया कि उसने बड़ी मां (राजकुमारी) की हत्या कर दी है और अब आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद उसने फोन बंद कर दिया।

पुलिस जांच और गिरफ्तारी:

मामले की जांच के दौरान, पुलिस को संजय बृजवासी (40 वर्ष) निवासी तेलसरा आवास पारा, थाना चकरभाठा पर संदेह हुआ। आरोपी घटना के बाद से फरार था और अपना मोबाइल बंद कर छिपा हुआ था। सीपत पुलिस और एसीसीयू की टीम ने लगातार पीछा कर चकरभाठा एयरपोर्ट के पास ग्राम तेलसरा स्थित बांध के नीचे से उसे गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि उसकी भाभी राजकुमारी किसी और के साथ संबंध में थी। उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की, लेकिन राजकुमारी के इनकार करने और विरोध करने पर उसने गुस्से में गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को खाट के पाटी से बांध दिया।

मामले में पुलिस की कार्रवाई:

आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त स्कूटी और उसके पहने हुए कपड़े जब्त किए गए। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक शिवसिंह बक्साल, प्रधान आरक्षक परमेश्वर सिंह ठाकुर, प्रफुल्ल सिंह ठाकुर, कौशल वस्त्रकार, आरक्षक राजेंद्र साहू, प्रकाश जगत, आकाश मिश्रा, सतपुरण जांगड़े और एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Similar Posts