
TNR न्यूज़ – CG News दिल्ली से रायपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट में बुधवार को तकनीकी खराबी के कारण बड़ा व्यवधान उत्पन्न हुआ। फ्लाइट में सवार जांजगीर-चांपा से लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और कोंडागांव विधायक लता उसेंडी समेत 172 से अधिक यात्री करीब दो घंटे तक विमान में फंसे रहे।
सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे जब विमान रनवे पर लाया गया और सभी यात्रियों को बोर्डिंग के बाद सीट पर बैठा दिया गया, तभी पायलट को कुछ तकनीकी सिस्टम में खराबी का अंदेशा हुआ। उन्होंने तत्काल ग्राउंड इंजीनियरों को सूचित किया, जिसके बाद विमान की जांच शुरू की गई।
दो घंटे तक विमान उड़ान नहीं भर सका, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई। क्रू मेंबर्स और यात्रियों के बीच बहस की स्थिति भी बनी। अंततः एयरलाइंस ने यात्रियों को दूसरे विमान से रायपुर के लिए रवाना किया, और सभी यात्री शाम 5 बजे के बाद रायपुर पहुंच सके।
इधर, नागपुर में खराब मौसम के चलते शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक चार फ्लाइट्स को रायपुर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। मौसम सामान्य होने के बाद इन सभी फ्लाइट्स को नागपुर भेज दिया गया।